राष्ट्रीय भारोत्तोलन चैंपियनशिप में सीतामढ़ी के राजा कुमार को बड़ी जिम्मेदारी
उत्तर प्रदेश के मोदीनगर (गाजियाबाद) में 3 फरवरी से 14 फरवरी तक आयोजित होने वाली राष्ट्रीय भारोत्तोलन चैंपियनशिप में बिहार की टीम पूरी मजबूती के साथ भाग लेने जा रही है। इस प्रतियोगिता के लिए शिवहर जिला भारोत्तोलन संघ के सचिव राजा कुमार को बिहार भारोत्तोलन टीम का मैनेजर नियुक्त किया गया है,जो जिले और राज्य के लिए गर्व की बात है।
राजा कुमार, जो सीतामढ़ी जिले के रीगा प्रखंड के शिवनगर निवासी हैं।लंबे समय से भारोत्तोलन खेल के संगठन और विकास में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। उनकी मेहनत,अनुशासन और खेल प्रशासन की समझ को देखते हुए बिहार भारोत्तोलन संघ ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
टीम की रवानगी से पूर्व बिहार वेटलिफ्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण कुमार ओझा और संरक्षक अरुण कुमार केसरी ने पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं। दोनों पदाधिकारियों ने भरोसा जताया कि बिहार की टीम राष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर राज्य का मान बढ़ाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि टीम प्रबंधन में राजा कुमार की भूमिका बेहद अहम रहेगी और उनके अनुभव से टीम को लाभ मिलेगा।
चैंपियनशिप के लिए चयनित खिलाड़ियों में पुरुष वर्ग से अभय कुमार, प्रेम कुमार, आदित्य कुमार, शंकर कुमार, रौशन कुमार, भोला सिंह, सन्नी कुमार, शिवम कुमार, नितेश कुमार सिंह, अमित कुमार, अनिषेक राज साहिल, अनंत देव, गौरव सिंह, शिवम दुबे, पीयूष कुमार, प्रियांशु राज, विवेक कुमार एवं कन्हैया कुमार शामिल हैं।
वहीं महिला वर्ग में कुमकुम कुमारी, खुशी जयसवाल, खुशी कुमारी, वैष्णवी श्रीवास्तव, लक्ष्मी कुमारी, रिया सिंह, श्रेया चंद्रा, मोनिका शर्मा, सपना कुमारी, शालिनी कुमारी, जनक नंदिनी कुमारी, प्रिया चंद्रा, तुलसी कुमारी एवं अंशू कुमारी राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगी।
खिलाड़ियों के साथ मुख्य कोच गुरविंदर सिंह एवं सहायक प्रशिक्षक रॉकी कुमार मार्गदर्शन के लिए जा रहे हैं। टीम प्रबंधन की जिम्मेदारी कमलजीत कौर (मैनेजर, लड़कियां), गिरिजेश कुमार (मैनेजर, लड़के) तथा राजा कुमार (मैनेजर, लड़के) संभालेंगे।
इसके अतिरिक्त तकनीकी पदाधिकारी के रूप में रजनीश कुमार, डॉ. शिप्रा सोनी, जस्सू कुमारी, सतीश कुमार और अभय सुंदर होंगे।
उल्लेखनीय है कि यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता 12 दिनों तक चलेगी, जिसमें देशभर के दिग्गज भारोत्तोलकों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। ऐसे बड़े मंच पर शिवहर के एक खेल प्रशासक को राज्य टीम की जिम्मेदारी मिलना जिले के युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत माना जा रहा है।
इस अवसर पर शिवहर जिला भारोत्तोलन संघ के अध्यक्ष गिरीश नंदन सिंह, उपाध्यक्ष यश नंदन सिंह और दीपू वर्मा ने भी राजा कुमार को बधाई देते हुए कहा कि उनका चयन शिवहर जिले के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि राजा कुमार के कुशल प्रबंधन में बिहार की टीम राष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन करेगी।












