गोपालगंज से बड़ी खबर | थावे मंदिर चोरी कांड में पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी
ब्यूरो आशीष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट


गोपालगंज जिले के प्रसिद्ध शक्तिपीठ थावे माता मंदिर में हुए बहुचर्चित और सनसनीखेज चोरी मामले में पुलिस को एक और अहम सफलता हाथ लगी है। एसआईटी (विशेष जांच टीम) ने कड़ी मशक्कत के बाद इस कांड के तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का भोजपुर जिले से गहरा कनेक्शन सामने आया है, जिससे यह साफ हो गया है कि चोरी की यह वारदात अंतरजिला गिरोह के तहत अंजाम दी गई थी। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर माता रानी का कीमती मुकुट बरामद कर लिया गया है, जो इस कांड में पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
हालांकि चोरी गए हार एवं अन्य बहुमूल्य आभूषणों की बरामदगी अभी बाकी है। पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी अभियान चला रही है। एसआईटी का दावा है कि जल्द ही शेष आभूषण भी बरामद कर लिए जाएंगे और इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश होगा।
गौरतलब है कि थावे मंदिर में हुई चोरी की घटना ने न सिर्फ श्रद्धालुओं बल्कि पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया था। अब आरोपी की गिरफ्तारी और मुकुट की बरामदगी से लोगों में राहत और पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मंदिर की गरिमा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा, और मामले की जांच अंतिम कड़ी तक पहुंचने तक जारी रहेगी।















