बड़ी कार्रवाई: गोपालगंज में चार कुख्यात भू-माफिया गिरफ्तार, सफेदपोशों के गठजोड़ का होगा खुलासा।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट


गोपालगंज।। जिले में अवैध जमीन कब्जे और फर्जीवाड़े के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक (SP) विनय तिवारी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने जाल बिछाकर इलाके के चार कुख्यात भू-माफियाओं को दबोच लिया है। इस गिरफ्तारी से जिले के जमीन जालसाजों में हड़कंप मच गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान भोला पांडेय, दीपक कुमार राम, गुड्डू कुमार, नीतीश कुमार के रूप मे हुयी है।
सदर SDPO प्रांजल के नेतृत्व में पुलिस ने कुचायकोट थाना क्षेत्र के बेलवा इलाके में छापेमारी की। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ये आरोपी किसी बड़ी जालसाजी की योजना बना रहे हैं। घेराबंदी कर चारों को रंगे हाथों धर दबोचा गया। SP विनय तिवारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रेस वार्ता में बड़ा खुलासा किया। उन्होंने बताया कि इन अपराधियों को कुचायकोट के एक बड़े सफेदपोश नेता/रसूखदार का संरक्षण प्राप्त है।विनय तिवारी ने कहा की यह गिरोह भोले-भाले लोगों की जमीन के फर्जी कागजात तैयार करता था और डरा-धमकाकर उनकी पुश्तैनी संपत्ति हड़प लेता था। इनके पीछे खड़े बड़े चेहरों की भी शिनाख्त की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे डरे नहीं। SP ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं यदि इन भू-माफियाओं ने आपकी जमीन हड़पी है या आपको डराया है, तो तुरंत संबंधित थाना में शिकायत दर्ज कराएं।पीड़ित सीधे SP कार्यालय में आकर भी अपनी सूचना और दस्तावेज दे सकते हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से आम जनता ने राहत की सांस ली है, वहीं अब सबकी नजरें उन ‘सफेदपोशों’ पर हैं जिनके नाम जल्द ही सामने आ सकते हैं।










