कटेया पुलिस की बड़ी कार्रवाई: शराब और कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार, यूपी से तस्करी का खुलासा


गोपालगंज।। बिहार में पूर्ण शराबबंदी को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए चलाए जा रहे अभियान में कटेया थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने भथुही रोड स्थित ‘स्टार सैलून’ के पास से एक युवक को अवैध विदेशी शराब और जिंदा कारतूस के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से आपत्तिजनक सामान लेकर गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही कटेया थाना के पु.अ.नि. रामचन्द्र तिवारी के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। पुलिस ने भथुही रोड पर घेराबंदी की, जहाँ एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार (रजिस्ट्रेशन नंबर: UP52BN3395) पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन मुस्तैद जवानों ने उसे खदेड़कर दबोच लिया। पुलिस द्वारा ली गई तलाशी में युवक के पास से सामान बरामद किया गया जिसमे मोटरसाइकिल की सीट के नीचे छिपाए गए 2 जिंदा कारतूस(8 MM KF) 180 ML की विदेशी शराब की बोतल(Iconiq White Deluxe Whisky), जो केवल उत्तर प्रदेश में बिक्री के लिए मान्य है। घटना में प्रयुक्त Hero Super Splendor मोटरसाइकिल। गिरफ्तार युवक की पहचान हिमांशु ओझा (20 वर्ष), पिता- अजय कुमार ओझा, निवासी- अमही बांके, थाना- कटेया के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह शराब को उत्तर प्रदेश से तस्करी कर ला रहा था और कारतूसों का उपयोग वह लोगों को डराने-धमकाने के लिए करता था। कटेया पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम और आर्म्स एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि युवक इन कारतूसों का इस्तेमाल किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए तो नहीं करने वाला था।










