गोपालगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 24 घंटे में दर्जनों आरोपी गिरफ्तार, कई थानों में चला कानून का डंडा
ब्यूरो आशीषरंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज:-जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करते हुए गोपालगंज पुलिस ने बीते 24 घंटे के भीतर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय, गोपालगंज के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए विशेष अभियान के तहत गंभीर आपराधिक मामलों में संलिप्त कई अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर, माझा गढ़, बरौली, कुचायकोट, बैकुंठपुर, महमदपुर, कटेया, भोरे, सिधवलिया सहित अन्य थाना क्षेत्रों में हत्या के प्रयास, मारपीट, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, शराबबंदी कानून, चोरी, धोखाधड़ी एवं अन्य संगीन धाराओं के तहत दर्ज मामलों में फरार चल रहे अभियुक्तों को दबोचा गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कई मामलों में साक्ष्य भी बरामद किए हैं।
पुलिस का कहना है कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है।
गोपालगंज पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं आम नागरिकों ने पुलिस के इस कदम का स्वागत किया है।












