क्रिकेट खेल रहे युवकों पर हमला, कटेया में 7 नामजद सहित 10 के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
ब्यूरो आशीषरंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र स्थित गौरा हाई स्कूल मैदान में क्रिकेट खेल रहे युवकों के साथ मारपीट की गंभीर घटना सामने आई है। इस मामले में 7 नामजद और 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ कटेया थाना पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार गोपालपुर निवासी करन राम ने बताया कि शुक्रवार को करीब 11 बजे वह अपने दोस्तों के साथ गौरा हाई स्कूल के मैदान में क्रिकेट खेल रहा था। इसी दौरान गांव के ही नौशाद अंसारी, कैफ अंसारी और कुर्बान अंसारी सहित कई लोग वहां पहुंच गए और गाली-गलौज करने लगे।
आरोप है कि सभी हमलावर लाठी-डंडा, चाकू, रॉड और फरसा से लैस थे। देखते ही देखते उन्होंने करन राम और उसके साथियों पर हमला कर दिया। इस हमले में करन राम का कान कट गया और सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि अन्य युवकों को भी चोटें आई हैं।
घटना के बाद घायल युवकों का इलाज कराया गया। वहीं पीड़ित के आवेदन पर कटेया थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।
क्रिकेट खेल रहे युवकों पर हुए इस हमले से इलाके में दहशत का माहौल है और लोगों ने आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।










