इग्नू के जून 2026 के टर्म ऐंड एग्जामिनेशन के लिए असाइनमेंट 16 मार्च से होगा जमा
सीवान से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
डीएवी पीजी कॉलेज सीवान स्थित इग्नू के कार्यालय में 16 मार्च से असाइनमेंट जमा होगा। उक्त जानकारी डीएवी पीजी कॉलेज सीवान के कोऑर्डिनेटर अरविंद कुमार द्वारा 10 मार्च 2026 को नोटिस जारी कर दी गई । इस महत्वपूर्ण नोटिस के अनुसार, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के छात्रों के लिए जून 2026 टर्म एंड एग्जामिनेशन (TEE) की असाइनमेंट जमा करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। नोटिस में स्पष्ट रूप से बताया गया है कि सीवान केंद्र पर 16 मार्च 2026 से असाइनमेंट जमा करना प्रारंभ हो रहा है। सभी छात्रों को सूचित किया जाता है कि वे अपनी असाइनमेंट समय पर जमा करें, क्योंकि असाइनमेंट टीईई में शामिल होने के लिए अनिवार्य हैं और ये अंतिम परिणाम में 30 प्रतिशत वेटेज रखते हैं। एक महत्वपूर्ण निर्देश यह है कि असाइनमेंट का फ्रंट पेज केवल इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड करके ही लगाया जाए। स्टडी सेंटर या किसी साइबर कैफे से फ्रंट पेज खरीदना या बनवाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। केवल डाउनलोड किया गया मूल फ्रंट पेज ही मान्य होगा; फोटोस्टेट या स्कैन कॉपी वाला फ्रंट पेज स्वीकार नहीं किया जाएगा।
यह नोटिस छात्रों को गलत फ्रंट पेज के कारण असाइनमेंट रिजेक्ट होने से बचाने के उद्देश्य से जारी किया गया है। इग्नू की गाइडलाइंस के अनुसार, फ्रंट पेज पर छात्र का नाम, एनरोलमेंट नंबर, कोर्स कोड, असाइनमेंट कोड आदि सही ढंग से भरना आवश्यक है। छात्रों से अपील है कि वे इग्नू की वेबसाइट पर जाकर नवीनतम असाइनमेंट प्रश्नपत्र और फ्रंट पेज डाउनलोड करें तथा निर्देशों का पालन करें। असाइनमेंट जमा करने के बाद रसीद अवश्य प्राप्त करें। उन्होंने बताया कि यह सूचना विशेष रूप से सीवान क्षेत्र के इग्नू छात्रों के लिए उपयोगी है, ताकि वे समय रहते तैयारी पूरी कर सकें और परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित कर सकें।










