जिला स्क्रीनिंग समिति द्वारा 55 बैट्री चालित ट्राइसाइकिल आवेदनों को स्वीकृति।
चलंत दिव्यांगजनों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से दिव्यांगजन सशक्तिकरण छत्र योजना के अंतर्गत आज दिनांक 20.12.2025 को जिला पदाधिकारी, बेगूसराय श्री श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में जिला स्तरीय स्क्रीनिंग समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में निःशुल्क बैट्री चालित ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने हेतु प्राप्त कुल आवेदनों पर विचार किया गया, जिसमें समिति द्वारा 55 आवेदनों को स्वीकृति प्रदान की गई।
समाज कल्याण विभाग के दिव्यांगजन सशक्तिकरण निदेशालय द्वारा संचालित दिव्यांगजन सशक्तिकरण छत्र योजना “संबल” के अंतर्गत 40 प्रतिशत अथवा उससे अधिक दिव्यांगता वाले चलंत दिव्यांगजनों को निःशुल्क बैट्री चालित ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने का प्रावधान है। इस योजना से दिव्यांगजनों को शिक्षा एवं रोजगार हेतु आवागमन में सुविधा प्राप्त हो रही है, जिससे वे सुगमता से अपने शिक्षण संस्थानों एवं कार्यस्थलों तक पहुँच पा रहे हैं।
बैठक में सहायक निदेशक, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, बेगूसराय सह सदस्य सचिव श्री अभिजीत सोनल द्वारा प्रखंड विकास पदाधिकारियों के प्रतिवेदन के साथ कुल 58 आवेदन समिति के समक्ष प्रस्तुत किए गए। समिति द्वारा इनमें से 55 आवेदनों को स्वीकृति प्रदान की गई, जबकि 3 आवेदन अयोग्य पाए जाने के कारण अस्वीकृत कर दिए गए।
उल्लेखनीय है कि चालू वित्तीय वर्ष में यह समिति की दूसरी बैठक थी। इससे पूर्व समिति की प्रथम बैठक दिनांक 25 जुलाई 2025 को आयोजित की गई थी।












