अनिल राम ने संभाला यादोपुर थानाध्यक्ष का पदभार, बोले- ‘कानून का राज और जनता की सुरक्षा पहली प्राथमिकता’
गोपालगंज।। जिले के यादोपुर थाना में नए थानाध्यक्ष के रूप में अनिल राम ने अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। योगदान देने के साथ ही उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए क्षेत्र में शांति व्यवस्था और अपराध नियंत्रण का संकल्प दोहराया। पदभार संभालने के तुरंत बाद थानाध्यक्ष अनिल राम ने थाना परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने थाने के अभिलेखों के रख-रखाव और परिसर की साफ-सफाई का जायजा लिया। इसके पश्चात, उन्होंने थाने में तैनात सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के साथ एक परिचय बैठक की, जिसमें उन्होंने टीम वर्क के साथ कार्य करने पर बल दिया। मीडिया से बात करते हुए थानाध्यक्ष ने अपनी कार्ययोजना के मुख्य बिंदुओं को साझा किया, जिसमे क्षेत्र में शांति बनाए रखना और अपराधियों पर नकेल कसना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। आम जनता की शिकायतों और समस्याओं का त्वरित निष्पादन किया जाएगा। पुलिस और आम लोगों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित किया जाएगा ताकि पुलिसिंग को और प्रभावी बनाया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में आम लोगों को भयमुक्त माहौल प्रदान करना और अपराधियों में कानून का खौफ पैदा करना उनका मुख्य कर्तव्य है।
”क्षेत्र की जनता को न्याय दिलाना और कानून का राज स्थापित करना ही मेरा लक्ष्य है। पुलिस और जनता के बीच की दूरी को कम किया जाएगा ताकि लोग बेझिझक अपनी समस्या हमारे पास ला सकें।” — अनिल राम, थानाध्यक्ष (यादोपुर)












