शीतलहर के बीच थावे सीओ ने असहायों को बाँटे कंबल, कड़ाके की ठंड में मिली राहत।
गोपालगंज (थावे)।। जिले में बढ़ते कड़ाके की ठंड और भीषण शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए प्रशासन ने जरूरतमंदों की मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाए हैं। शुक्रवार को थावे की अंचलाधिकारी (सीओ) कुमारी रूपम शर्मा ने प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में घूम-घूम कर दर्जनों असहाय और गरीब लोगों के बीच कंबल का वितरण किया। सीओ कुमारी रूपम शर्मा ने अपनी टीम के साथ देर शाम क्षेत्र का जायजा लिया और सड़क किनारे रात गुजारने को मजबूर लोगों को राहत पहुँचाई। इस मानवीय पहल के दौरान राजस्व अधिकारी (आरओ) रवि भूषण गौरव सहित अंचल के अन्य कर्मी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने न केवल कंबल बाँटे, बल्कि ठंड से बचाव के लिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह भी दी। सीओ कुमारी रूपम शर्मा ने कहा कि भीषण ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन के निर्देशानुसार यह कदम उठाया गया है ताकि कोई भी असहाय व्यक्ति ठंड की चपेट में न आए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि आने वाले दिनों में चिन्हित स्थानों पर अलाव की व्यवस्था भी सुचारू रूप से जारी रहेगी। प्रशासन की इस पहल से खुले आसमान के नीचे रात बिताने वाले जरूरतमंदों ने राहत की सांस ली है और अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।












