शादी के 20 दिन बाद ही दहेज के लिए नवविवाहिता की गला दबाकर हत्या, शव गायब करने का आरोप।
गोपालगंज।। जिले के कटेया थाना क्षेत्र में दहेज के दानवों ने एक और बेटी की जान ले ली। शादी के महज 20 दिनों के भीतर ही एक नवविवाहिता को बुलेट मोटरसाइकिल की मांग पूरी न होने पर मौत के घाट उतार दिया गया। परिजनों का आरोप है कि हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को भी गायब कर जला दिया गया। मृतका माला कुमारी की मां, चम्पा देवी (ग्राम- कपूरी) द्वारा पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, उनकी पुत्री की शादी 09 दिसंबर 2025 को कुंदन सिंह (ग्राम- चौतरवा) के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के समय उपहार और नकदी देने के बावजूद, विदाई के वक्त ही ससुराल वालों ने बुलेट मोटरसाइकिल की मांग शुरू कर दी थी। मांग पूरी न होने पर विदाई रोकने की भी कोशिश की गई, लेकिन परिजनों के काफी अनुनय-विनय के बाद वे लड़की को साथ ले गए।शादी के करीब 15 दिन बीतने के बाद ससुराल वालों ने माला कुमारी को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। उसे मारपीट कर कमरे में बंद कर दिया गया और खाना-पीना भी बंद कर दिया गया। मृतका ने फोन पर अपने माता-पिता को बताया था कि यदि बुलेट नहीं दी गई, तो ससुराल वाले उसकी जान ले लेंगे। शिकायत के मुताबिक, 28 दिसंबर 2025 की दोपहर माला ने फोन कर अपनी जान का खतरा बताया था। अगले दिन जब माता-पिता बेटी के ससुराल पहुँचे, तो उन्हें पता चला कि पति कुंदन सिंह, ससुर रामसागर सिंह, देवर विकास सिंह और सास सुनैना देवी समेत अन्य ने मिलकर माला की गला दबाकर हत्या कर दी है। आरोप है कि दोषियों ने सबूत मिटाने के लिए आनन-फानन में शव को कहीं ले जाकर जला दिया। इस मामले में कटेया थाना में एफआईआर (Case No. 13/26) दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं (80, 238, 3(5)) के तहत मामला दर्ज किया है। पीड़ित परिवार ने न्याय की गुहार लगाते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग की है।












