दरवाजे पर पहुंचकर जातिसूचक गाली-गलौज व मारपीट, प्राथमिकी दर्ज
भोरे/गोपालगंज
भोरे थाना क्षेत्र के नरूचकरवा गांव में दबंगों द्वारा एक दलित परिवार के साथ जातिसूचक गाली-गलौज एवं मारपीट करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित सिंहासन राम ने स्थानीय थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पीड़ित के अनुसार, उनके पुत्र द्वारा हाल ही में स्कॉर्पियो वाहन खरीदा गया है, जिससे गांव के कुछ लोगों को आपत्ति थी। इसी बात को लेकर गांव के ही अरुण शुक्ला, विष्णुदेव शुक्ला, आदर्श शुक्ला, अंश शुक्ला एवं उदगम शुक्ला ने उनके दरवाजे पर पहुंचकर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट कर दी, जिससे सिंहासन राम गंभीर रूप से घायल हो गए।
आरोप है कि आदर्श शुक्ला ने जान से मारने की नीयत से लोहे की रॉड से वार किया, जो उनकी दाहिनी आंख पर लगा। घटना के बाद उन्हें आंख में काफी दर्द और चोट की शिकायत है। शोर सुनकर गांव के ही मिंटू कुशवाहा और छोटेलाल राम मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर पीड़ित को बचाया। घटना के बाद पीड़ित ने भोरे थाना में आवेदन देकर नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।










