प्रशासनिक फेरबदल, गौरव कुमार होंगे गोपालगंज के नए DDC, निशांत विवेक का बिहार शरीफ तबादला।
गोपालगंज।।बिहार सरकार ने राज्य के प्रशासनिक ढांचे में बड़ा बदलाव करते हुए कई आईएएस (IAS) अधिकारियों का तबादला किया है। इसी कड़ी में गोपालगंज के उप विकास आयुक्त (DDC) कुमार निशांत विवेक का स्थानांतरण कर दिया गया है। उन्हें अब बिहार शरीफ का नया नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है। कुमार निशांत विवेक की जगह अब गौरव कुमार गोपालगंज के नए उप विकास आयुक्त की जिम्मेदारी संभालेंगे। गौरव कुमार 2022 बैच के तेजतर्रार आईएएस अधिकारी हैं। गोपालगंज में इस पद पर तैनात होने से पहले वे बगहा में अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। डीडीसी के रूप में गौरव कुमार के सामने जिले में चल रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, जैसे ‘सात निश्चय’, मनरेगा और प्रधानमंत्री आवास योजना को पारदर्शी तरीके से धरातल पर उतारने की चुनौती होगी। बगहा में एसडीओ के रूप में उनके अनुभव का लाभ अब गोपालगंज की जनता को मिलेगा। उम्मीद जताई जा रही है कि नए डीडीसी जल्द ही अपना पदभार ग्रहण करेंगे, जिससे जिले की विकास परियोजनाओं को नई ऊर्जा मिलेगी।












