गोपालगंज: बालू माफियाओं के खिलाफ प्रशासन का बड़ा एक्शन, जागीरीटोला के घाटों पर हड़कंप।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। जिले में अवैध बालू खनन के खिलाफ प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। गुप्त सूचना के आधार पर जिला प्रशासन की एक संयुक्त टीम ने जागीरीटोला पंचायत के विभिन्न बालू घाटों पर औचक छापेमारी की, जिससे अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया। छापेमारी का नेतृत्व अनुमंडल दंडाधिकारी (SDM) और खनिज विकास पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से किया। प्रशासन को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि इन इलाकों में नियमों को ताक पर रखकर बालू का उठाव किया जा रहा है। जांच के दौरान अधिकारियों को घाटों पर अवैध बालू खनन के पुख्ता प्रमाण मिले हैं। हालांकि, प्रशासन की भनक लगते ही खनन में लगे लोग और वाहन मौके से फरार होने मे सफल रहे। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन के सामने गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इन घाटों से अक्सर सफेद बालू की अवैध ढुलाई की जाती है। माफिया रात के अंधेरे और कभी-कभी दिन में भी सक्रिय रहते हैं, जिससे राजस्व की भारी क्षति हो रही है। प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्र के सभी थानाध्यक्षों को त्वरित कार्रवाई करने के सख्त निर्देश दिए हैं।










