त्योहारों को लेकर प्रशासन सख्त: शांति समिति की बैठक में डीजे व हथियार प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध
कटेया थाना परिसर में आगामी ईद, रामनवमी एवं चैती छठ पर्व को लेकर शांति समिति की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने की, जिसमें क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने स्पष्ट रूप से कहा कि त्योहारों के दौरान डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। साथ ही किसी भी प्रकार के हथियारों का प्रदर्शन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी समुदायों से आपसी सौहार्द और भाईचारा बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण ढंग से पर्व मनाने की अपील की।
प्रशासन ने रामनवमी के अवसर पर निकलने वाली शोभायात्राओं को लेकर भी विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। शोभायात्रा की निगरानी ड्रोन कैमरे के माध्यम से की जाएगी, ताकि हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा सके। इसके अलावा शोभायात्रा के लिए लाइसेंस लेने वाले आयोजकों को कम से कम 20 सदस्यों के आधार कार्ड आवेदन के साथ संलग्न करना अनिवार्य किया गया है।
थानाध्यक्ष ने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी और सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
बैठक का उद्देश्य त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराना है, ताकि क्षेत्र में भाईचारे की मिसाल कायम रह सके। बैठक मे एस आई ब्रजेश कुमार रामचंद्र तिवारी उमेश गुप्ता के साथ-साथ क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों में बैकुंठपुर पंचायत के सरपंच अशोक पाठक समाजसेवी दिनेश मिश्रा अनवर अंसारी भेड़िया पंचायत के बीडीसीबी रमेश राय सहित सैकड़ो की संख्या में लोग मौजूद रहे










