बांदा में एडीजी प्रयागराज जोन का दौरा: पुलिस लाइन का निरीक्षण, अपराध समीक्षा बैठक में सख्त निर्देश
बांदा। जिले की कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) प्रयागराज जोन ने पुलिस लाइन बांदा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परेड, शस्त्रागार, बैरक, भोजनालय और साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया तथा आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

निरीक्षण के बाद पुलिस लाइन सभागार में एक अहम अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूटधाम परिक्षेत्र बांदा, पुलिस अधीक्षक बांदा सहित जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी मौजूद रहे। एडीजी ने लंबित विवेचनाओं, संगीन अपराधों की प्रगति, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी तथा महिला संबंधी अपराधों पर विशेष फोकस करने के निर्देश दिए।

आगामी त्योहारों को देखते हुए एडीजी ने विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, लगातार गश्त, खुफिया तंत्र को सक्रिय रखने और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग तेज करने के निर्देश दिए ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।
एडीजी ने स्पष्ट कहा कि आमजन में सुरक्षा की भावना पैदा करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक के अंत में उन्होंने अधिकारियों को टीमवर्क के साथ काम करने और जनसंपर्क बेहतर रखने की भी नसीहत दी।
बांदा से सनम की रिपोर्ट।












