एलपीजी की आपूर्ति पर्याप्त: आयुक्त
बांदा-आयुक्त ने जनसामान्य को आश्वस्त किया है कि मंडल के समस्त जनपदों में पेट्रोल,डीजल एवं घरेलू एलपीजी गैस की उपलब्धता पर्याप्त है तथा आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारु रूप से संचालित है।किसी प्रकार की कमी अथवा बाधा नहीं है। नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों या भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से ईंधन या गैस का भंडारण न करें।आयुक्त ने बताया कि भारत सरकार द्वारा घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर एलपीजी गैस उपलब्ध कराई जा रही है तथा आवश्यकता के अनुसार होम डिलीवरी की व्यवस्था भी संचालित है। जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।जिससे आमजन को सही जानकारी प्राप्त हो सके।अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर प्रसारित होने वाली सूचनाओं पर सतत निगरानी रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की भ्रामक अथवा असत्य सूचना के प्रसार को तत्काल रोका जाए। गैस सिलेण्डर वितरण के दौरान अव्यवस्था अथवा कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए आवश्यक प्रशासनिक एवं पुलिस प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।आयुक्त ने निर्देश दिए कि कालाबाजारी,अवैध बिक्री अथवा अनियमित वितरण पर प्रभावी नियंत्रण हेतु नियमित निरीक्षण कराया जाए तथा दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।घरेलू गैस सिलेण्डरों का वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में उपयोग किसी भी स्थिति में न होने पाए।ऐसे प्रकरण पाए जाने पर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही उपभोक्ताओं को नियमानुसार गैस सिलेण्डर उपलब्ध कराने की व्यवस्था बनाए रखने पर बल दिया गया है।राजस्व,खाद्य एवं रसद विभाग तथा तेल कंपनियों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस द्वारा संयुक्त क्षेत्र भ्रमण करने के निर्देश दिए हैं।










