गोपालगंज: मॉडल सदर अस्पताल में 102 एंबुलेंस कर्मियों के बीच मारपीट, एसीओ घायल
गोपालगंज ब्यूरो आशीषरंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज: जिले के मॉडल सदर अस्पताल में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब 102 एंबुलेंस सेवा से जुड़े कंट्रोल ऑफिसर और एंबुलेंस चालक के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इस घटना में एंबुलेंस कंट्रोल ऑफिसर (एसीओ) पवन कुमार घायल हो गए, जिन्हें आनन-फानन में सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
बताया जाता है कि किसी बात को लेकर एसीओ और एंबुलेंस चालक के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। घायल एसीओ पवन कुमार ने आरोप लगाया है कि उन्होंने एंबुलेंस चालक की शिकायत वरीय अधिकारियों से की थी, जिससे नाराज होकर चालक ने उनके साथ मारपीट की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चालक ने हाथ से उनका गला दबाने की कोशिश की।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। वहीं नगर थाना की पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
मॉडल सदर अस्पताल में हुई इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए हड़कंप की स्थिति बन गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषी के खिलाफ आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।










