अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक महिला की मौत, निजी अस्पताल में भर्ती अपने पति को खाना देकर वापस लौट रही थी महिला।
गोपालगंज ।। शहर में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।मृत महिला की पहचान विशंभरपुर थाना क्षेत्र के सिपाया खास गांव निवासी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला शहर के बंजारी ब्रह्मस्थान रोड स्थित एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के बाद भर्ती अपने पति को खाना देकर किराए के मकान लौट रही थी। इसी दौरान अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उसे कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही मृतका के मायके और ससुराल पक्ष के लोग गोपालगंज सदर स्थित मॉडल अस्पताल पहुंच गए, जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
फिलहाल नगर थाना पुलिस पोस्टमार्टम की प्रक्रिया में जुटी हुई है। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की तलाश में आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












