10 हजार का इनामी वांछित अपराधी चढ़ा पुलिस के हत्थे, कई संगीन मामलों में था फरार
ब्यूरो आशीष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जादोपुर थाना क्षेत्र में 10 हजार रुपये के इनामी वांछित अपराधी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर विशेष छापेमारी टीम बनाकर की गई।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि नामजद अभियुक्त गोविंद यादव अपने घर पर मौजूद है। सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की गई और आरोपी को उसके घर से दबोच लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त पर हत्या के प्रयास, एससी/एसटी एक्ट, मद्यनिषेध और पुलिस पर हमला जैसे गंभीर मामलों में कई कांड दर्ज हैं। वह लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसके कारण उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ जादोपुर थाना सहित विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिससे उसका लंबा आपराधिक इतिहास सामने आया है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। वहीं, जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।










