गोपालगंज: मांझा के गौसिया में खुलेगा नया डिग्री कॉलेज, 6.50 एकड़ जमीन चिन्हित।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। मांझा प्रखंड के छात्रों के लिए उच्च शिक्षा की राह अब आसान होने वाली है। लंबे समय से की जा रही डिग्री कॉलेज की मांग अब धरातल पर उतरती दिख रही है। प्रखंड के गौसिया में डिग्री कॉलेज के निर्माण के लिए करीब 6.50 एकड़ भूमि को चिन्हित कर लिया गया है, जिससे क्षेत्र के युवाओं में उत्साह की लहर है। मिली जानकारी के अनुसार, चिन्हित की गई भूमि की राजस्व विभाग और अंचल अमीन द्वारा गहन पैमाइश और जांच कर ली गई है।जांच के बाद अंचल प्रशासन द्वारा रिपोर्ट (प्रतिवेदन) को उच्चाधिकारियों के पास अग्रसारित कर दिया गया है। जमीन की उपलब्धता सुनिश्चित होने के बाद अब कॉलेज निर्माण की प्रशासनिक प्रक्रिया में तेजी आ गई है। यह नया डिग्री कॉलेज गौसिया स्थित पंचायत सरकार भवन के समीप बनाया जाएगा। इस स्थान का चयन छात्रों की सुविधा और कनेक्टिविटी को ध्यान में रखकर किया गया है। डिग्री कॉलेज की स्थापना की खबर मिलते ही स्थानीय अभिभावकों और छात्र-छात्राओं में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि, अब छात्रों को स्नातक (Graduation) की पढ़ाई के लिए जिला मुख्यालय या दूसरे शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।विशेषकर छात्राओं के लिए घर के पास उच्च शिक्षा प्राप्त करना काफी सुलभ हो जाएगा। इससे क्षेत्र के शैक्षणिक स्तर में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा। प्रशासनिक स्तर पर कागजी औपचारिकताएं पूरी होते ही निर्माण कार्य के लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।












