29 मार्च को बरवां में पर्यावरण और समाज पर होगा बड़ा सम्मेलन, ‘स्पंदन’ स्मारिका का भी लोकार्पण
ब्यूरो आशीषरंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
स्थानीय प्रखंड के बरवां गांव स्थित चित्रगुप्त मंदिर परिसर में 29 मार्च को पर्यावरण और समाज को लेकर भव्य परिचर्चा व सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन श्री चित्रगुप्त सेवा समिति की 10वीं वर्षगांठ के अवसर पर किया जा रहा है।
कार्यक्रम की तैयारी को लेकर समिति के अध्यक्ष डॉ राम विष्णु प्रसाद की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में सम्मेलन की रूपरेखा तैयार की गई और ब्रांड एंबेसडर सह कार्यक्रम संयोजक डॉ सत्य प्रकाश को तैयारियों की जिम्मेदारी सौंपी गई।
29 मार्च को होने वाले वार्षिक सम्मेलन सह सम्मान समारोह में ‘हरित भविष्य: जल, जंगल और जमीन का संरक्षण’ विषय पर परिचर्चा आयोजित होगी। कार्यक्रम में बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, दिल्ली सहित कई राज्यों से पर्यावरण मित्र, साहित्यकार और पत्रकार शामिल होंगे। इस दौरान समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सामाजिक योद्धाओं को सम्मानित किया जाएगा और स्मारिका “स्पंदन” का लोकार्पण भी किया जाएगा।
समिति के अध्यक्ष डॉ राम विष्णु प्रसाद ने बताया कि कार्यक्रम सुबह 11 बजे से शुरू होकर दोपहर 2 बजे तक चलेगा। मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों का स्वागत पौधा भेंट कर किया जाएगा। सम्मेलन को लेकर बरवां गांव और आसपास के इलाकों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।
पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता को लेकर होने वाला यह आयोजन क्षेत्र के लिए खास और प्रेरणादायक माना जा रहा है।










