नौतन में चोरों के हौसले बुलंद, हथौजी में दो घरों को बनाया निशाना, सदस्यों को बंधक बना 25 लाख के आभूषण की चोरी
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट

स्थानीय थाना थाना क्षेत्र चोरों के हौसले बुलंद हैं। विगत रात्रि हथौजी गांव में चोरों ने हथियार के बल पर दो अलग-अलग घरों के लोगों को बंधक बनाकर लगभग 25 लाख से अधिक मूल्य की संपत्ति चोरी की घटना को अंजाम दे दिया है। सूत्रों से मिली जानकारी के चोरों ने सबसे पहले राघव सिंह के घर के पीछे से छत के सहारे घर में घुसकर पिस्तौल के बल पर सभी मौजूद सदस्यों को बंधक बनाकर घर में रखे गोदरेज की अलमारी के लॉकर को तोड़कर सोने की 10 अंगूठी, तीन मंगलसूत्र, दो चैन, पांच कान की बाली व टॉप्स, एक मांगटीका, 5 जोड़ी पायल, एक टीका तथा एक नथिया और चांदी के बर्तन सेट सहित लगभग 20 लाख की संपत्ति चोरी कर पीछे के रास्ते फरार हो गए। वहीं लगभग 400 मीटर दूरी पर स्थित हथौजी गांव के ही सुदामा शर्मा के घर में भी पीछे के रास्ते घर में घुसकर अपराधियों ने घर के सदस्यों को बंधक बनाकर गोदरेज की अलमारी एवं बक्से का कब्जा तोड़कर एक हार, एक झुमका, एक मांग टीका, एक सीकरी एक पायल सहित लगभग 6 लाख की संपत्ति चोरी कर फरार हो गयी। वहीं बगल के घर का दरवाज़ा जब तोड़ने का प्रयास किया, तो लोगों ने जगकर शोर मचाया और सभी चोर फरार हो गए। आसपास के लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी।घटना की सूचना पाकर नौतन पुलिस एवं सदर एसडीपीओ-2 गौरी कुमारी ने पहुंचकर घटना का जायजा लेते हुए उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। इसको लेकर राघव सिंह की पत्नी शैल देवी एवं सुदामा शर्मा ने संयुक्त रूप से थाने में आवेदन दिया है। इस घटना को लेकर लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।










