मनरेगा मजदूरी भुगतान को लेकर कांग्रेस का हल्ला बोल, विकास भवन पर धरना-प्रदर्शन
बांदा (उप्र), 17 मार्च 2026।
जनपद में मनरेगा मजदूरों और ग्राम रोजगार सेवकों के बकाया भुगतान को लेकर कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। अजय राय के निर्देश पर जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में, जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विकास भवन पहुंचकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और धरना दिया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने मुख्य विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए मनरेगा मजदूरों की लंबित मजदूरी का तत्काल भुगतान कराने की मांग की।
जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस शासन में शुरू की गई महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) योजना का उद्देश्य मजदूरों को आर्थिक सुरक्षा देना था, लेकिन वर्तमान में इसकी स्थिति बदतर हो गई है। उन्होंने कहा कि मजदूरों की मजदूरी महीनों से लंबित है, जिससे उनके सामने भुखमरी जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है और उन्हें पलायन के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
वहीं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी सदस्य रमेश चंद्र कोरी ने बताया कि जनपद में करीब 8 माह से करोड़ों रुपये का भुगतान बकाया है, लेकिन प्रशासन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठा पाया है। उन्होंने मांग की कि तत्काल शासन को पत्र भेजकर मजदूरों और ग्राम रोजगार सेवकों का भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मजदूरी का भुगतान नहीं हुआ तो पार्टी सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
(बांदा से सनम की रिपोर्ट)










