विजयीपुर थाना में चौकीदार परेड, त्योहारों को लेकर दिए गए कड़े निर्देश
विजयीपुर/गोपालगंज:
जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत रखने और आगामी पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में विजयीपुर थाना परिसर में चौकीदार परेड का आयोजन किया गया।
परेड का नेतृत्व एसआई प्रमोद कुमार ने किया, जिसमें क्षेत्र के सभी चौकीदारों को उपस्थित रहकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान चौकीदारों को अपने-अपने क्षेत्र में सतर्क रहने, संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने तथा किसी भी घटना की सूचना तुरंत थाना को देने के निर्देश दिए गए।
साथ ही सूचना तंत्र को मजबूत बनाने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने आगामी ईद, रामनवमी और छठ पूजा जैसे पर्व-त्योहारों को देखते हुए विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष रूप से चौकसी बरतने का निर्देश दिया।
पुलिस प्रशासन ने कहा कि चौकीदार गांव स्तर पर पुलिस की आंख और कान होते हैं, इसलिए उनकी सक्रियता से ही क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनी रहती है।










