इटवा पुल पर भीषण हादसा: बालू लदा ट्रेलर दाहा नदी में गिरा, युवक की मौत; चालक घायल होकर फरार
थावे (गोपालगंज): जिले के गोपालगंज–मीरगंज एनएच-531 पर रविवार की अहले सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। करीब सुबह चार बजे बालू से लदा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर इटवा पुल के पास दाहा नदी में जा गिरा, जिससे मौके पर ही एक युवक की मौत हो गई, जबकि ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद चालक घायल अवस्था में ही वहां से फरार हो गया।
हादसे के समय सड़क किनारे झोपड़ीनुमा दुकान में सो रहे उचकागांव थाना क्षेत्र के बलभद्रपट्टी गांव निवासी दुकानदार रामसूरत भगत और उनकी पत्नी सीता देवी बाल-बाल बच गए। दोनों ने बताया कि अचानक जोरदार धमाके की आवाज से उनकी नींद खुली। जब बाहर निकले तो देखा कि उनकी झोपड़ी कुछ दूरी पर जा गिरी थी और ट्रेलर नदी में समा चुका था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर पुल से नीचे गिरते समय रास्ते में एक पीपल के पेड़ को तोड़ते हुए दाहा नदी में जा गिरा। इसी दौरान दुकान के बगल में सो रहा एक युवक ट्रेलर की चपेट में आ गया और दबने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान मीरगंज थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 8 निवासी अशोक प्रसाद के 32 वर्षीय पुत्र नीरज कुमार के रूप में की गई है। यह हादसा थावे और उचकागांव थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित इटवा पुल पर हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही उचकागांव थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार के नेतृत्व में एसआई कन्हैयालाल सिंह तथा थावे थाना के एसआई कृष्णा कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद जेसीबी की मदद से दबे शव को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।
प्राथमिक जांच में बताया जा रहा है कि चालक को झपकी आने के कारण ट्रेलर अनियंत्रित होकर पुल से नीचे जा गिरा। हादसे की खबर मिलते ही आसपास के कई गांवों के लोग घटनास्थल पर जुट गए, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। समाचार लिखे जाने तक परिजनों की ओर से थाने में कोई आवेदन नहीं दिया गया था।










