तेज रफ्तार ट्रक ने ली मासूम की जान: परीक्षा देकर घर लौट रहे छात्र की दर्दनाक मौत, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
बांदा: जिले में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला, जहां ओवरलोड ट्रक की टक्कर से एक 16 वर्षीय स्कूली छात्र की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका भाई बाल-बाल बच गया। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर जमकर हंगामा किया और ट्रक में तोड़फोड़ कर दी।
घटना देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत महोखर स्थित अंध विद्यालय के पास दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। मृतक छात्र की पहचान हिमांशु (16) पुत्र अवधेश के रूप में हुई है, जो कक्षा 8 का छात्र था।
बताया जा रहा है कि हिमांशु अपने भाई पुष्पेंद्र के साथ सरस्वती प्रकाश मंदिर से परीक्षा देकर साइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान बांदा से महोखर की ओर जा रहे गिट्टी से भरे एक ओवरलोड तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक हिमांशु को करीब 30 फीट तक घसीटता हुआ ले गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसका भाई मामूली रूप से घायल हो गया।
हादसे की खबर मिलते ही मौके पर ग्रामीणों और परिजनों की भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया और गुस्से में ट्रक के शीशे तोड़ दिए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मृतक छात्र के शव को कब्जे में लेकर अस्पताल भिजवाया तथा दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को भी अपने कब्जे में ले लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रिपोर्ट:सनम मलिक बांदा










