गोपालगंज पुलिस की बड़ी सफलता: चाकूबाजी का मुख्य आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार
गोपालगंज ब्यूरो आशीष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज (11 मार्च 2026): जिले के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत लंगड़ा मोड़ के पास एक युवक पर जानलेवा हमला करने वाले अभियुक्त को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
विरोध करने पर चाकू से किया था हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कल शाम (10 मार्च 2026) करीब 06:00 बजे नीतीश कुमार नामक युवक अपने घर जा रहा था। इसी दौरान नगर थाना क्षेत्र के रजौखर (लंगड़ा मोड़) के पास एक टेम्पो चालक ने उसे रोक लिया। आरोपी ने नीतीश का कॉलर पकड़कर गाली-गलौज शुरू कर दी और जब नीतीश ने इसका विरोध किया, तो उसने चाकू से वार कर उसे गंभीर रूप से जख्मी कर दिया।
पुलिस की सक्रियता और गिरफ्तारी
घटना की सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष ने दलबल के साथ मौके पर पहुँचकर जांच शुरू की। घायल नीतीश को तुरंत सदर अस्पताल, गोपालगंज भेजा गया, जहाँ अब उनकी स्थिति खतरे से बाहर और सामान्य बताई जा रही है।
पुलिस ने इस मामले में नगर थाना कांड संख्या 246/26 दर्ज कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मुख्य अभियुक्त को धर दबोचा।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण:
नाम: गोपीचंद कुमार यादव
पिता: लालबाबू यादव
पता: ग्राम- भैसही नया टोला कोडर, थाना- मांझागढ़, जिला- गोपालगंज।
शांति व्यवस्था कायम
गोपालगंज पुलिस ने बताया कि इस घटना में संलिप्त अन्य संभावित व्यक्तियों की तलाश के लिए छापेमारी जारी है। वर्तमान में क्षेत्र में विधि-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।










