सीतामढ़ी में बाइक रैली के दौरान युवक ने लहराया था हथियार, वीडियो हुआ था वायरल — दो गिरफ्तार
डॉ.राहुल कुमार द्विवेदी,ब्यूरो चीफ़, प्रातः संकलन,सीतामढ़ी। जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज घटना ने प्रशासन को हिला कर रख दिया है। रविवार को सीतामढ़ी नगर क्षेत्र में आयोजित एक बाइक रैली का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि मोटरसाइकिल पर पीछे बैठा एक युवक खुलेआम हथियार लहराते हुए रैली में शामिल है। जैसे ही वीडियो वायरल हुआ, स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। नागरिकों ने इसे जिले की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल बताया। वहीं, विपक्षी दलों के नेताओं ने इस घटना को लेकर सरकार पर निशाना साधा और कहा कि सत्ता पक्ष के संरक्षण में असामाजिक तत्व खुलेआम कानून की धज्जियां उड़ा रहे हैं। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस हरकत में आई। डुमरा थाना अंतर्गत इस मामले में कांड संख्या–426/25 दर्ज किया गया है। पुलिस ने बाइक चालक जनता दल यूनाइटेड के श्रम एवं तकनीकी प्रकोष्ठ के सीतामढ़ी जिलाध्यक्ष मोहम्मद शादाब अहमद खान और उसके साथी आर्यन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हथियार की सत्यता और उसके स्रोत की जांच भी की जा रही है। थाना प्रभारी सुखविंदर नैन ने बताया कि कानून से खिलवाड़ करने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। वीडियो में नजर आने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय लोगों ने घटना की निंदा करते हुए प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। नगर के एक दुकानदार ने कहा, दिनदहाड़े रैली में इस तरह हथियार लहराना बहुत डरावना है। इससे आम जनता की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि विधानसभा चुनाव से पहले ऐसे घटनाक्रम माहौल को बिगाड़ने की साजिश का हिस्सा हो सकते हैं। चुनावी रैलियों और सभाओं में सुरक्षा की चूक पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। कुल मिलाकर, इस वायरल वीडियो ने जहां जिले की कानून-व्यवस्था पर बहस छेड़ दी है, वहीं प्रशासन के लिए यह कसौटी बन गया है कि वह इस मामले में कितनी सख्ती से कार्रवाई करता है।












