नौतन में सभी बकायादारों के कटेंगे बिजली कनेक्शन : जेई हामिद रजा
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
स्थानीय प्रखंड क्षेत्र में बिजली विभाग ने बकाया बिल वसूली के लिए सख्त रुख अपनाया है। विभाग अब पुराने बकाया बिलों की रिकवरी के लिए अभियान चला रहा है और बकायेदारों के कनेक्शन काटने की कार्रवाई तेज कर दी है। जूनियर इंजीनियर हामीद रज़ा ने स्पष्ट किया कि सरकार घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध करा रही है, लेकिन यह सुविधा केवल वर्तमान बिलों पर लागू होती है। पुराने बकाया बिलों का भुगतान न करने वाले उपभोक्ताओं का कनेक्शन काटा जाएगा, चाहे वे कितनी भी कम बिजली क्यों न इस्तेमाल कर रहे हों। जेई ने बताया कि कई उपभोक्ता लंबे समय से बिल जमा नहीं कर रहे हैं। वे मुफ्त बिजली योजना का लाभ तो उठा रहे हैं, लेकिन पुराने बकाया राशि से विभाग को भारी नुकसान हो रहा है, जो करोड़ों रुपये में है। अब विभाग ने साफ नीति बना ली है कि बिना बकाया चुकाए किसी को भी बिजली इस्तेमाल की अनुमति नहीं मिलेगी। इस अभियान के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है, जिसमें सुपरवाइजर रंजीत कुमार, लाइनमैन मुन्ना शाह, बाबूलाल यादव, कुशा यादव, मोहम्मद इकबाल, दीपक यादव, भूपेंद्र तिवारी आदि शामिल हैं।यह टीम घर-घर जाकर बकाया बिलों की जांच कर रही है और जहां बकाया पाया जा रहा है, वहां तुरंत कनेक्शन काटा जा रहा है। फरवरी महीने में ही लगभग एक हजार उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे जा चुके हैं। जेई के अनुसार, अभी सभी बकायेदारों के कनेक्शन काटने की प्रक्रिया चल रही है। मार्च महीने में भी जिनके बकाया बिल बाकी रहेंगे, उनके कनेक्शन निश्चित रूप से काट दिए जाएंगे।उपभोक्ताओं को कई बार चेतावनी दी जा चुकी है, लेकिन लापरवाही जारी है। इसलिए अब विभाग सख्ती बरत रहा है।
जेई हामीद रज़ा ने सभी बकायेदार उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपना पुराना बकाया बिल जमा कर लें। इससे न केवल बिजली कनेक्शन सुरक्षित रहेगा, बल्कि आगे कोई असुविधा भी नहीं होगी। समय रहते भुगतान कर लें, ताकि विभाग की इस कार्रवाई से बचा जा सके।










