ई-रिक्शा से शराब तस्करी का भंडाफोड़, 49 लीटर देसी शराब के साथ एक गिरफ्तार
गोपालगंज: जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ई-रिक्शा से शराब की तस्करी कर रहे एक अभियुक्त को गिरफ्तार करते हुए 49 लीटर देसी शराब बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में लगातार शराब तस्करों के खिलाफ छापेमारी की जा रही है। इसी क्रम में कुचायकोट थाना क्षेत्र के ग्राम पोखर भिंडा में पेट्रोल पंप के सामने एनएच-27 पर वाहन जांच के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने एक ई-रिक्शा की तलाशी ली, जिसमें से 49 लीटर देसी शराब बरामद हुई। मौके से पुलिस ने तस्करी में शामिल राम आशीष मांझी (पुत्र स्व. छोटू मांझी), निवासी धनमापाकड़, थाना मांझागढ़, जिला गोपालगंज को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने शराब के साथ ई-रिक्शा को भी जब्त कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।










