गोपालगंज..मारपीट व चाकूबाजी मामले में त्वरित कार्रवाई, एक आरोपी गिरफ्तार
गोपालगंज। हथुआ थाना क्षेत्र में मारपीट और चाकूबाजी की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 6 मार्च 2026 को नया गांव दुर्गा मंदिर से तुलसिया जाने वाले मार्ग पर हुई थी, जहां मोटरसाइकिल से जा रहे एक व्यक्ति को दो लोगों ने घेरकर मारपीट की और चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और हथुआ थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। साथ ही आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू की गई।
घायल व्यक्ति की पहचान मधुसूदन मिश्रा, पिता स्व. सूर्यदेव मिश्रा, निवासी भटवां दुर्गा, थाना हथुआ, जिला गोपालगंज के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए चिकित्सकों द्वारा गोरखपुर रेफर किया गया था। फिलहाल उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। घायल के फर्द बयान के आधार पर हथुआ थाना में कांड संख्या 96/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस घटना में शामिल शुभम पांडेय उर्फ बुचन, पिता स्व. संजय पांडेय, निवासी तुलसिया, थाना मीरगंज, जिला गोपालगंज को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी विधि-सम्मत कार्रवाई जारी रहेगी। फिलहाल क्षेत्र में विधि-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बनी हुई है।










