कटेया में महिला की जला कर हत्या, पुलिस की त्वरित कार्रवाई में एक महिला गिरफ्तार
कटेया/गोपालगंज: गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला की जला कर हत्या कर शव को खेत में फेंक देने का मामला प्रकाश में आया है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय, गोपालगंज द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, दिनांक 05 मार्च 2026 को कटेया थाना क्षेत्र के ग्राम बेलही खास में एक महिला को जला कर खेत में फेंक देने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मामले में कटेया थाना कांड संख्या 134/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। साथ ही एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को बुलाकर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज भेज दिया गया है।
प्रारंभिक जांच और परिजनों के आरोपों के आधार पर घटना का मुख्य कारण दहेज को लेकर हत्या बताया जा रहा है। पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और मानवीय व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले का खुलासा करने में जुटी हुई है।
इसी क्रम में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त एक महिला को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है और फिलहाल क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।










