स्टेज पर हथियार लहराना पड़ा भारी: गोपालपुर पुलिस ने अवैध कट्टा व जिंदा कारतूस के साथ दो युवकों को दबोचा
गोपालगंज: जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र में एक कार्यक्रम के दौरान स्टेज पर चढ़कर हथियार लहराना दो युवकों को महंगा पड़ गया। गोपालपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार और जिंदा कारतूस के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय, गोपालगंज द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 05 मार्च 2026 को गोपालपुर थाना को गुप्त सूचना मिली कि ग्राम निजलहा तिनमुहानी सड़क के पास एक बारात कार्यक्रम के दौरान कुछ युवक स्टेज पर चढ़कर हाथ में हथियार लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष गोपालपुर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया और मौके पर छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस को देखते ही दो युवक भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को मौके से पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान मिथुन कुमार यादव (पिता–छोटू चौधरी), निवासी–निजलहा, थाना–गोपालपुर तथा गणेश कुमार (पिता–शैलेश कुमार मांझी), निवासी–कुड़सी बथुआ, थाना–फुलवरिया के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान मिथुन कुमार यादव के पास से एक अवैध देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया, जबकि दोनों के पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
इस मामले में गोपालपुर थाना में कांड संख्या 79/26 दर्ज कर दोनों अभियुक्तों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है और आर्म्स एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भी तलाश कर रही है।
पुलिस ने बताया कि फिलहाल क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह सामान्य है।










