चोरी की कोशिश में दो युवकों को पुलिस ने पकड़ा, एक फरार
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
स्थानीय थाना क्षेत्र के बंका मोड़ पर पुलिस ने मंगलवार की रात्रि में एक दुकान में चोरी करने की कोशिश कर रहे दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं एक युवक मौके से फरार हो गया। एसआई रितेश कुमार सिंह साहसिक और सराहनीय कार्य किया है। बता दें कि एसआई रितेश कुमार सिंह विगत रात्रि पुलिस बल के साथ भुलौनी मोड़ की ओर गश्त पर निकले थे। इसी बीच थानाध्यक्ष ने मोबाइल पर सूचना दी कि बंका मोड़ पर तीन चोर दुकान का शटर का ताला तोड़ने की फिराक में हैं।सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। चोरों ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, जिसमें से दो युवकों को दबोच लिया गया, जबकि तीसरा फरार हो गया। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को थाने लाकर पूछताछ की गई। उन्होंने बताया कि उनका तीसरा साथी सीवान से एक बाइक चुराकर लाया था, जिस पर सवार होकर वे तीनों बंका मोड़ पहुंचे थे। चोरी के बाद बाइक बेचकर कमाई को आपस में बांटने की योजना थी, लेकिन पुलिस की मौजूदगी से प्लान विफल हो गया। गिरफ्तार युवकों के बताए निशानदेही पर पुलिस ने फरार आरोपी के घर पर छापा मारा, जहां से एक बिना नंबर वाली बाइक बरामद कर जब्त कर ली गई। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवक नौतन निवासी विकास चौहान तथा सेमरिया गांव के रंजित कुमार राजभर हैं। वहीं फरार आरोपी सेमरिया गांव का सचिन कुमार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।











