नौतन में पंचायत समिति की बैठक आयोजित
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट

नौतन प्रखंड परिसर में सोमवार को प्रखंड उपप्रमुख की अध्यक्षता में पंचायत समिति सदस्यों की बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। उन मुद्दों में सबसे ज्यादा राजस्व कर्मचारियों एवं पंचायत सचिवों द्वारा अनियमितता बरतने की बात रखी गई। इसके अलावा विभिन्न पंचायतों में आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए भूमि उपलब्ध नहीं होने की शिकायत आई, वहीं मुरारपट्टी पंचायत के वार्ड नंबर छह में आंगनबाड़ी केंद्र होने के बावजूद भी उस सेंटर पर बहाली नहीं होने का मामला भी सामने आया। इसके अलावा सेंट्रल बैंक के कुछ ग्राहक सेवा केंद्रों को निर्धारित स्थान के अलावा दूसरे जगह पर संचालित होने को लेकर भी नाराजगी जताई गई। वहीं राजस्व कर्मियों द्वारा समय से खारिज दाखिल नहीं करने, अवैध पैसे लेने एवं जमाबंदी पंजी को व्यवस्थित नहीं रखने की बात भी सामने आई। बैठक में सभी पंचायत समिति सदस्य, सभी मुखिया, प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, थानाध्यक्ष नौतन, मुरारपट्टी मुखिया हवलदार अंसारी, दीनदयाल बिन्द, संजू देवी सहित सभी प्रतिनिधि एवं अन्य पदाधिकारी व कर्मी मौजूद रहे।












