शराब के साथ चार तस्कर गिरफ्तार, दो स्कॉर्पियो वाहन जब्त
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
स्थानीय पुलिस ने अभियान के तहत 14 फरवरी 2026 की रात नौतन थाना क्षेत्र के बांका मोड़ के पास वाहन चेकिंग के दौरान दो स्कॉर्पियो वाहनों से कुल 378 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद किया है। इस कार्रवाई में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो स्कॉर्पियो वाहन जब्त कर लिए गए। इसके अलावा पांच मोबाइल फोन भी बरामद हुए। गिरफ्तार अभियुक्तों में मैरवा थाना क्षेत्र के सेवतापुर गांव प्रिंस कुमार राम व रंजन यादव, सुमेरपुर गांव निवासी उमेश यादव तथा इमलौली गांव निवासी धनजी यादव शामिल हैं। बता दें कि सिवान पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे इस विशेष अभियान का उद्देश्य जिले में अवैध शराब के सेवन, निर्माण, बिक्री और भंडारण पर पूरी तरह रोक लगाना है। बिहार में 2016 से लागू पूर्ण शराबबंदी के बावजूद तस्करी के प्रयास जारी हैं, लेकिन पुलिस की सतर्कता से ऐसे कई प्रयास नाकाम हो रहे हैं। इस मामले में बिहार मद्य निषेध उत्पाद अधिनियम के तहत नौतन थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अन्य संलिप्त अभियुक्तों की तलाश में छापेमारी जारी रखे हुए है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे नशे के खिलाफ इस मुहिम में सहयोग करें और ऐसी गतिविधियों की सूचना तुरंत दें।
यह कार्रवाई नशा मुक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। पुलिस ने संदेश दिया है कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी।











