प्रेम प्रसंग में चली गोली, मुख्य आरोपी समेत तीन गिरफ्तार
देसी पिस्टल, कारतूस, मोबाइल और बाइक बरामद पुलिस का खुलासा
गोपालगंज | 13 फरवरी 2026
हथुआ थाना क्षेत्र में 11 फरवरी की रात हुई गोलीबारी की घटना का गोपालगंज पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर लिया है। प्रेम प्रसंग को लेकर हुई इस सनसनीखेज वारदात में शामिल मुख्य आरोपी सहित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11.02.2026 की रात करीब 10 बजे रतनचक नया टोला स्थित डालडा फैक्ट्री के पास गोली चलने की सूचना मिली थी। पीड़िता के बयान के आधार पर हुसेपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी विष्णु कुमार (साकिन–बरवा कपरपुरा, थाना–हथुआ ) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसकी निशानदेही पर दो अन्य आरोपियों – कुंदन कुमार (थाना–मीरगंज) और ताहिर अली (थाना–मीरगंज) को भी दबोच लिया गया।
बरामद सामान:
01 देसी पिस्टल
03 जिंदा कारतूस
01 कारतूस का खोखा
03 मोबाइल फोन
01 मोटरसाइकिल
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना का मुख्य कारण प्रथम दृष्टया प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद है। फिलहाल सभी आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की तलाश की जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में विधि-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।












