फॉर्मर रजिस्ट्री कैंप का अधिकारियों ने किया संयुक्त निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश
सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘किसान रजिस्ट्री’ के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बुधवार को मेजरगंज प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में लगाए गए विशेष शिविरों का प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण दल में अंचलाधिकारी (सीओ), प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी (बीपीआरओ) तथा प्रखंड कृषि पदाधिकारी (बीएओ) मुख्य रूप से शामिल रहे। अधिकारियों ने अलग-अलग पंचायतों में पहुंचकर किसान निबंधन की प्रगति का जायजा लिया और मौके पर मौजूद कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान डेटा एंट्री कार्य, किसानों के भौतिक सत्यापन और दस्तावेजों के मिलान की प्रक्रिया की गहन समीक्षा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी पात्र किसान रजिस्ट्री प्रक्रिया से वंचित नहीं रहना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान कैंप में किसानों द्वारा प्रस्तुत किए जा रहे भूमि संबंधी कागजात एवं आधार कार्ड के मिलान की प्रक्रिया की बारीकी से जांच की गई। अधिकारियों ने तकनीकी व्यवस्था, इंटरनेट कनेक्टिविटी और ऑपरेटरों की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की। उन्होंने कर्मियों को निर्देश दिया कि किसानों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखें तथा किसी भी तकनीकी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें, ताकि निबंधन की गति प्रभावित न हो। सीओ एवं बीडीओ ने कहा कि किसान रजिस्ट्री योजना का उद्देश्य किसानों का समग्र डाटा तैयार कर उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराना है। ऐसे में निबंधन कार्य पूरी पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ किया जाए। कार्य को सुचारु एवं प्रभावी बनाने के लिए प्रखंड कार्यालय में एक नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है, जहां से बीपीआरओ एवं बीडीओ द्वारा निरंतर निगरानी की जा रही है। नियंत्रण कक्ष के माध्यम से विभिन्न पंचायतों से प्राप्त प्रगति रिपोर्ट का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं। शिविरों में बड़ी संख्या में किसान पहुंचकर अपना निबंधन करा रहे हैं। प्रशासन की ओर से किसानों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ कैंप में पहुंचकर अपना रजिस्ट्रेशन अवश्य कराएं, ताकि भविष्य में मिलने वाली सरकारी योजनाओं का लाभ उन्हें समय पर मिल सके।












