दुबई से नारायणपुर में शव पहुंचते ही मचा कोहराम
11 मार्च 2026 को होना था बेटी का विवाह, बेटी की डोली से पहले उठी पिता की अर्थी
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
स्थानीय थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव के एक युवक की दुबई में मौत के बाद बुधवार को गांव में शव पहुंचते ही कोहराम मच गया। बता दें कि गंभीरपुर पंचायत के नारायणपुर टोला गांव निवासी मुन्नी लाल कुशवाहा के पुत्र रमेश कुशवाहा की दुबई में 4 फरवरी को हार्ट अटैक से अकस्मात मौत हो गई। रमेश कुशवाहा करीब दो वर्ष पहले 2024 में बेहतर रोजगार और परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए दुबई गए थे। वहां मेहनत-मजदूरी कर परिवार को सहारा देने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन अचानक हार्ट अटैक आने से उनकी असमय मृत्यु हो गई। इस सूचना के मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
इस दर्दनाक घटना से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। मां बार-बार बेटे का नाम लेकर चीखती-रोती हैं और कभी-कभी बेहोश हो जाती हैं। पिता भी दुःख से बुरी तरह टूट चुके हैं। रमेश की विधवा पत्नी भी दहाड़े मार-मारकर रो रही हैं और बार-बार बेसुध हो जा रही हैं। उनका एकलौता पुत्र सचिन और दो बेटियां प्रिया व प्रीति असहाय नजरों से सबको देख रहे हैं और उनकी आंखों में आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे।
इस त्रासदी को और भी मार्मिक बनाता है कि रमेश की बड़ी बेटी प्रीति की शादी अगले महीने तय थी। 7 मार्च 2026 को तिलक और 11 मार्च 2026 को विवाह का कार्यक्रम था। रमेश अपनी बेटी की शादी में शामिल होने और उसे कन्यादान देने के लिए 13 फरवरी 2026 को विशेष रूप से विदेश से वापस लौटने वाले थे। लेकिन नियति ने कुछ और ही लिख दिया। बेटी की डोली उठने से पहले ही पिता की अर्थी उठ गई। इस हृदयविदारक घटना गांव में मातम पसरा हुआ है।











