गोपालगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बलथरी चेकपोस्ट पर अवैध वसूली करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार।
गोपालगंज।। जिला पुलिस ने सक्रिय पुलिसिंग और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति को दोहराते हुए कुचायकोट थाना क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने बलथरी चेकपोस्ट पर वाहनों से अवैध वसूली और रंगदारी करने के मामले में एक मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।मिली जानकारी के अनुसार, बीते 8 फरवरी 2026 को बलथरी चेकपोस्ट पर तैनात कराधान पदाधिकारियों द्वारा वाहनों की नियमित जांच की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि प्रवीण साही (पिता सतीस साही) अपने साथियों—मंटू साही, गोलू शुक्ला और अन्य के साथ मिलकर वाहनों को बिना जांच के पास कराने और उनसे जबरन रंगदारी वसूलने का खेल खेल रहा है।सूचना मिलते ही कुचायकोट थानाध्यक्ष ने दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन की। जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद तत्काल मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद अभियुक्त प्रवीण साही, पिता – सतीस साही, ग्राम- बलथरी, थाना- कुचायकोट, जिला- गोपालगंज को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस गिरोह में शामिल अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। वर्तमान में क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सामान्य है और पुलिस किसी भी प्रकार की अवैध वसूली को बर्दाश्त नहीं करने के मूड में है।












