गोपालगंज: माले नेता जितेंद्र पासवान हत्या के मामले में दोषी करार, कोर्ट का बड़ा फैसला।
गोपालगंज।। जिले की एक अदालत ने करीब चार साल पुराने चर्चित हत्याकांड में बड़ा फैसला सुनाते हुए भोरे विधानसभा के पूर्व सीपीआई माले प्रत्याशी जितेन्द्र पासवान को दोषी करार दिया है। इस फैसले के बाद राजनीतिक गलियारों और स्थानीय क्षेत्र में हलचल तेज हो गई है। यह खूनी संघर्ष 2 दिसंबर 2021 को विजयीपुर थाने के कोरेयां गांव में हुआ था। घटना की जड़ में एक पुराना भूमि विवाद था, जिसने उस दिन हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान आरोपियों ने अटल पांडेय नामक युवक पर धारदार चाकू से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था।घायल अटल पांडेय को तत्काल इलाज के लिए ले जाया गया, लेकिन जख्म इतने गहरे थे कि इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इस हत्याकांड ने तब काफी तूल पकड़ा था, जिसके बाद माले नेता जितेंद्र पासवान समेत कुल 19 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। लंबे समय तक चली कानूनी प्रक्रिया और गवाहों के बयानों के आधार पर, अदालत ने साक्ष्यों को पर्याप्त मानते हुए जितेंद्र पासवान को हत्या का दोषी पाया है। भूमि विवाद में हुई इस हत्या ने न केवल एक परिवार का चिराग बुझाया, बल्कि क्षेत्र की राजनीति में भी हड़कंप मचा दिया था। सजा की अवधि पर फैसला जल्द ही सुनाया जा सकता है, जिस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।











