गोपालगंज: युवक की हत्या कर रेलवे ट्रैक के पास फेंका शव, परिजनों ने लगाया जान-पहचान वालों पर आरोप।
कटेया (गोपालगंज)।। बिहार के गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ हरखा गाँव के रहने वाले 18 वर्षीय युवक, मनोवर अली, की निर्मम हत्या कर उसका शव रेलवे किनारे फेंक दिया गया। इस घटना के बाद से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के भाई, हैदर अली द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, मनोवर अली को कुछ जान-पहचान के लोगों ने फोन करके घर से बुलाया था। परिजनों का आरोप है कि घर से निकलने के बाद मनोवर ने फोन पर बताया था कि वह अपने दोस्तों के साथ कोलकाता जा रहा है। शिकायत में यह भी जिक्र है कि घटना से दो दिन पहले आरोपियों में से एक ने ₹500 की मांग की थी। 8 फरवरी 2026 की रात लगभग 9:49 बजे मनोवर का आखिरी कॉल आया, जिसमें उसने बदहवास होकर कहा— “भैया मुझे बचा लीजिए, नहीं तो ये लोग मुझे जान से मार देंगे।” इसके तुरंत बाद उसका फोन स्विच ऑफ हो गया। अगले दिन दोपहर में पुलिस के जरिए परिजनों को सूचना मिली कि मनोवर का शव बगहवा के पास रेलवे किनारे पड़ा मिला है। पुलिस ने इस मामले में धारा 103(1)/3(5) BNS के तहत केस दर्ज कर लिया है।पीड़ित परिवार ने चार लोगों को मुख्य आरोपी बनाया है जिसमे इस्लाम मियां, अलाउद्दीन मियां, गोलू कुमार, विनोद ठाकुर शामिल है। कटेया थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जाँच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











