विदेश भेजने के नाम पर लाखों की ठगी: ‘मुन्ना डिजिटल’ का मालिक गिरफ्तार, खुला आपराधिक इतिहास।
गोपालगंज (कटेया)।। विदेश भेजने का झांसा देकर लोगों की गाढ़ी कमाई डकारने वाले एक शातिर ठग को पुलिस ने धर दबोचा है। पकड़ा गया आरोपी परशुराम यादव (पिता- भागीरथी यादव), जो कटेया थाना क्षेत्र के हेंथवा का निवासी है, पर 44 लाख रुपये की धोखाधड़ी का संगीन आरोप है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही उसके कार्यालय ‘मुन्ना डिजिटल/मुन्ना ट्रेडर्स’ पर भी छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने मौके से ठगी में इस्तेमाल होने वाले कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और उपकरण बरामद किए हैं जिसमे QR स्कैनर मशीन व QR कोड (संभवतः अवैध ट्रांजेक्शन के लिए), बैंक पासबुक (02) और चेकबुक (01), मुन्ना डिजिटल की मेडिकल स्लिप, विदेश भेजने से संबंधित विज्ञापन (03) आदि शामिल है। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि परशुराम यादव कोई नौसिखिया नहीं, बल्कि एक पेशेवर अपराधी है। कटेया थाने में उसके खिलाफ साल 2010 से लेकर 2026 तक कुल 7 मामले दर्ज हैं। इन मामलों में धोखाधड़ी (420), अमानत में खयानत (406), जालसाजी (467/468) और मारपीट जैसी गंभीर धाराएं शामिल हैं। ताजा मामला (कांड संख्या 56/26) दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इसे सलाखों के पीछे भेज दिया है।
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि विदेश जाने के नाम पर किसी भी अनधिकृत एजेंट या संस्थान को पैसे न दें। हमेशा सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त एजेंसी के माध्यम से ही प्रक्रिया पूरी करें।












