हत्या कांड में फरार आरोपियों के घर चस्पा हुआ इश्तेहार, पुलिस का कड़ा एक्शन
कटेया (गोपालगंज)।
कटेया थाना क्षेत्र के बातल चौराहा गांव में हुए हत्या कांड के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में शनिवार को कटेया थाने के अपर थानाध्यक्ष बरुण झा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी चुनु उपाध्याय और जय कुमार उपाध्याय के घर पहुंचकर कोर्ट के आदेश पर इश्तेहार चस्पा किया।
पुलिस ने गांव में सार्वजनिक रूप से इश्तेहार चिपकाते हुए दोनों आरोपियों को जल्द से जल्द न्यायालय या थाने में आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी है। इश्तेहार चस्पा करने के दौरान गांव में लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में इस कार्रवाई की चर्चा होती रही।
बताया जाता है कि दोनों आरोपी हत्या के एक गंभीर मामले में नामजद हैं और घटना के बाद से फरार चल रहे हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि आरोपी तय समय सीमा के अंदर सरेंडर नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए कुर्की–जब्ती की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
कटेया पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से साफ संकेत मिल रहा है कि अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।












