गोपालगंज: उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, देसी शराब के साथ बाइक सवार तस्कर गिरफ्तार।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। बिहार में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए उत्पाद विभाग लगातार अभियान चला रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को उत्पाद विभाग की टीम ने कुचायकोट थाना क्षेत्र में छापेमारी कर एक शराब तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि बाइक के जरिए शराब की एक खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने कुचायकोट थाने के जलालपुर कुर्म टोला के समीप घेराबंदी की। इस दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रोका गया। तलाशी के दौरान बाइक पर लदे चार कार्टन देसी शराब बरामद किए गए। उत्पाद विभाग ने शराब को जब्त करते हुए बाइक सवार तस्कर को हिरासत में ले लिया है।उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार ने बताया की शराब तस्करों के खिलाफ विभाग का ‘जीरो टॉलरेंस’ अभियान जारी है। पकड़े गए व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।फिलहाल, उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।












