पुनौरा धाम मंदिर परिसर का जिलाधिकारी द्वारा किया गया निरीक्षण
गंदगी पर सख्त रुख, नगर निगम अधिकारियों से स्पष्टीकरण व वेतन स्थगन का निर्देश
श्रद्धालुओं की सुविधा व स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता : जिलाधिकारी
जिलाधिकारी श्री रिची पांडेय आज प्रसिद्ध पुनौरा धाम मंदिर परिसर पहुंचे, जहाँ उन्होंने मंदिर परिसर एवं उससे जुड़े सार्वजनिक सुविधाओं का विस्तृत और सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर में कई स्थानों पर गंदगी एवं अव्यवस्था पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
निरीक्षण के क्रम में उप विकास आयुक्त श्री संदीप कुमार, जिला जन संपर्क अधिकारी श्री कमल सिंह, वरीय उप समाहर्ता श्री अमूल्य रत्न, डीसीएलआर सदर श्री अमित राज, डायरेक्टर एनईपी, डुमरा प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, नगर निगम के पदाधिकारी तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
गंदगी की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त एवं उप नगर आयुक्त से स्पष्टीकरण पूछने तथा उनका वेतन स्थगित रखने का निर्देश दिया। मौके पर उपस्थित उप नगर आयुक्त को उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि मंदिर परिसर की सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि मंदिर परिसर में चूना एवं ब्लीचिंग पाउडर का नियमित छिड़काव सुनिश्चित किया जाए तथा इसकी निरंतर मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने बंद पड़े सभी लैंप पोस्ट को अविलंब चालू कराने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालुओं को रात्रि समय में भी पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध हो सके।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पेयजल एवं शौचालय की व्यवस्था का भी जायजा लिया और स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मंदिर परिसर में गुटखा, पान मसाला एवं अन्य नशीले पदार्थों के उपयोग पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए, ताकि परिसर की स्वच्छता और पवित्रता बनी रहे।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पुनौरा धाम न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि जिले की सांस्कृतिक पहचान भी है। यहाँ आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी प्रतिबद्धता और समन्वय के साथ करें।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि मंदिर परिसर की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय एवं विधि-व्यवस्था से जुड़े कार्यों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। जिलाधिकारी ने कहा कि पुनौरा धाम की स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।












