नौतन में आधा दर्जन सरस्वती पूजा पंडालों से डीजे जब्त
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
स्थानीय थाना क्षेत्र में पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए अलग-अलग पूजा पंडालों से डीजे जब्त किया है। बसंत पंचमी के दौरान प्रशासन ने ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण, शांति व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। बता दें कि जिला दंडाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय के आदेश पर 18 से 28 जनवरी 2026 तक पूरे जिले भर में डीजे बजाने से लेकर डीजे युक्त वाहनों और ऑर्केस्ट्रा के परिचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। इस आदेश के आलोक में स्थानीय थाना परिसर में सरस्वती पूजा को लेकर आयोजित शांति समिति की बैठक में शामिल सभी जनप्रतिनिधियों एवं पूजा समिति सदस्यों को इस बात पर अमल करने की बात प्रशासन द्वारा कही गई थी। इस प्रतिबंध का उल्लंघन करने पर डीजे जब्त करने के साथ-साथ संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई थी। प्रशासन का उद्देश्य पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और मर्यादित तरीके से संपन्न कराना है। अश्लील गीतों, तेज आवाज और भड़काऊ संगीत पर विशेष रोक लगाई गई है। लेकिन प्रशासन के आदेश को ताक पर रखकर कुछ पूजा समितियों द्वारा डीजे और अश्लील गाने बजाने को लेकर पुलिस ने सक्रिय कार्रवाई करते हुए शाम तक लगभग आधा दर्जन से अधिक डीजे सेट जब्त किए। थानाध्यक्ष शशि रंजन ने कहा कि सरस्वती पूजा विद्या और आस्था का पर्व है, इसे अनुशासन के साथ मनाना चाहिए। कई लोग इसे केवल हिंदू त्योहारों पर सख्ती मान रहे हैं, लेकिन प्रशासन इसे ध्वनि प्रदूषण नियमों और सार्वजनिक शांति के लिए आवश्यक बता रहा है। इस कार्रवाई से पूजा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो रही है।












