शादी का झांसा देकर महिला से शोषण, मारपीट व जान से मारने की धमकी; थाना में दर्ज हुआ मामला
रिपोर्ट -मंजेश पांडेय
भोरे थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने युवक पर शादी का झांसा देकर वर्षों तक शारीरिक शोषण करने, बाद में शादी से इनकार करने तथा परिजनों के साथ मिलकर मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर भोरे थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता फातिमा देवी (निवासी चिनचोली, जिला गुलबर्गा, कर्नाटक) ने थाना को दिए आवेदन में बताया कि भोरे थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव निवासी निखिल कुमार, पिता प्रमोद कुशवाहा से उसका करीब पांच वर्षों से संबंध था। आरोपी युवक ने शादी का भरोसा दिलाकर उसके साथ संबंध बनाए। आरोप है कि निखिल कुमार ने पीड़िता के पूर्व पति को गलत फोटो भेजकर धमकाया, जिससे परेशान होकर उसके पति ने तलाक दे दिया।
तलाक के बाद आरोपी युवक पीड़िता को अपने साथ भोरे लेकर आया और बीते एक माह से गांव में छिपाकर किराये के मकान में रखे रहा। जब पीड़िता ने शादी की बात कही तो आरोपी टालमटोल करने लगा और अंततः शादी से इनकार कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान आरोपी के माता-पिता और भाई ने भी उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया।
पीड़िता ने बताया कि 1 जनवरी 2026 की रात करीब 10 बजे आरोपी के पिता ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और बाल पकड़कर घसीटा। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई।
इस मामले में भोरे थाना पुलिस ने पीड़िता के आवेदन के आधार पर आरोपी निखिल कुमार सहित उसके परिजनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन में जुट गई है।












