कांग्रेस का ऐलान – राइफल क्लब मैदान की नीलामी नहीं होने देंगे
बांदा, उत्तर प्रदेश | 05 जनवरी 2026
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष माननीय अजय राय (पूर्व मंत्री) के निर्देश पर सोमवार को बांदा में कांग्रेस का जोरदार शक्ति प्रदर्शन देखने को मिला। जिला व शहर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता कैम्प कार्यालय से नारेबाजी करते हुए शहर के मध्य स्थित बाबूलाल चौराहा के रायफल क्लब मैदान तक पहुंचे और शासन, प्रशासन तथा बांदा विकास प्राधिकरण के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान “राइफल क्लब मैदान बचाओ”, “तानाशाही नहीं चलेगी” जैसे गगनभेदी नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि शासन-प्रशासन की मिलीभगत से बांदा विकास प्राधिकरण 21 जनवरी 2026 को ऐतिहासिक रायफल क्लब मैदान की नीलामी की तैयारी कर चुका है, जो जनहित के खिलाफ है।
मीडिया से बातचीत करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी। उन्होंने कहा—
“अगर नीलामी प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से नहीं रोका गया, तो कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर इस मैदान को बचाने के लिए संघर्ष करेगा। आज का प्रदर्शन केवल सांकेतिक था, लेकिन नीलामी के दिन उग्र आंदोलन कर इसे हर हाल में रोका जाएगा, चाहे इसके लिए जेल ही क्यों न जाना पड़े।”
उन्होंने स्पष्ट किया कि रायफल क्लब मैदान बांदा की पहचान और जनसरोकार से जुड़ी धरोहर है, जिसे किसी भी कीमत पर निजी हाथों में नहीं जाने दिया जाएगा।
कांग्रेस के इस ऐलान के बाद जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और आने वाले दिनों में आंदोलन के और उग्र होने के संकेत मिल रहे हैं।
— बांदा से सनम की रिपोर्ट












